मीडिया के साथ भिड़े संजय दत्त के बॉडीगार्ड्स, अभिनेता ने मांगी माफी
आगरा: ताज महल के पास अभिनेता संजय दत्त की फिल्म ‘भूमि’ की शूटिंग के दौरान उनके बॉडीगार्ड्स और मीडियाकर्मियों के बीच झड़प हो गयी. घटना उस समय घटी जब फिल्म की यूनिट गुरुवार को ताज वीआईपी रोड पर शूटिंग कर रही थी. घटना के बाद संजय दत्त ने पत्रकारों से माफी मांगी.
पत्रकार ने फिल्म शूटिंग कर रही यूनिट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
शूटिंग के दौरान बाउंसरों ने भीड़ को धक्का देना शुरू कर दिया और कुछ मीडियाकर्मियों से भी बदसलूकी की. उन्होंने कथित तौर पर मीडिया वालों के कैमरे तक छीन लिये जिसके बाद एक पत्रकार ने फिल्म शूटिंग कर रही यूनिट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. 57 साल के संजय दत्त ने बाद में पत्रकारों से माफी मांगते हुए कहा कि अगर वह वहां होते तो यह सब नहीं होने देते.
मैं होता तो जादू की झप्पी देकर इसे निपटा लेता: संजय दत्त
संजय दत्त ने कहा, ‘‘मैं साफ करना चाहता हूं कि जब यह सब हुआ, मैं सेट पर था भी नहीं. मैं पैकअप करके होटल के लिए निकल चुका था. अगर मैं वहां होता, तो निश्चित रूप से यह सब नहीं होता. मैं ‘जादू की झप्पी’ देकर इसे निपटा लेता. मैंने घटना के बाद मीडिया के लोगों से बात भी की थी और माफी मांगी.’’
संजय दत्त ने की घटना की निंदा
अभिनेता ने कहा, ‘‘मैं आगरा की जनता का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने फिल्म यूनिट के लिए इतना प्यार दिखाया. मैं केवल यह कहना चाहता हूं कि मुझे आपका सहयोग चाहिए. हमारी फिल्म से शहर का प्रचार हो रहा है और इस बीच ऐसी कोई घटना घटती है तो सभी के लिए शर्मनाक है.’’
संजय दत्त पिछले साल फरवरी में जेल की सजा पूरी करके निकले थे जिसके बाद ‘भूमि’ उनकी पहली फिल्म है जिसका निर्देशन उमंग कुमार कर रहे हैं.
ConversionConversion EmoticonEmoticon